Showing posts with label beat plastic. Show all posts
Showing posts with label beat plastic. Show all posts

Monday, June 4, 2018

ज़रूरी है समरसत!

लिखती रही हूँ , पर लिखना होगा सतत क्योंकि मानना है कि गर इस तरह भी कुछ लोग प्रभावित हो पाए तो , कुछ हाथ सजग हो पाए तो मेरी , हमारी वसु के संरक्षण के लिए यह एक छोटी सी पर सार्थक पहल तो होगी।

प्रकृति दुर्जेय है पर मनुष्य यह बात भूला बैठा है। दोहन अतिशय दोहन (शोषण के चरम तक) और सुरसुरा रूपी हमारी अनियंत्रित इच्छाएँ , अंतहीन आवश्यकताएँ हमारी प्रकृति का सौन्दर्य लील चुकी हैं। वर्तमान में कई राज्य पानी की क़िल्लत से जूझ रहे हैं, पर उससे क्या फ़र्क़ पड़ता है। हरियाली नदारद है और पृथ्वी का तापमान निरन्तर बढ़ता जा रहा है, पर उससे भी क्या???

हम एक दिन स्टेटस लगा लेंगे, तापमान बढ़ने पर दूसरों को गरिया कर एसी को कुछ और कम कर लेंगे या ज़्यादा ही हुआ तो एक पौधा लगा कर फ़ोटो सेशन कर लेंगे।
दरअसल जब तक यह चिंता व्यवहार में क्रियान्वित नहीं होती, नई पीढ़ी इसे एक मिशन की तरह नहीं लेती , सार्थक परिणाम प्राप्ति मुश्किल है।

स्नातक स्तर तक वनस्पति विज्ञान मेरा प्रिय विषय रहा है। नाना भाँति के फ्लोरा को देखना , जानना भाता था कि हमारी वसुंधरा कितनी समृद्ध है , उतना ही अच्छा लगता था जैव विविधता , जैव पारिस्थितिकी को पढ़ना भी पर अब विविधता तो लुप्त प्राय: की श्रेणी में बदल चुकी है।

क्या किया जाए और कितना ज़ल्द किया जाए ये निर्णय और परिकल्पना तो व्यक्तिगत प्रयास ही निर्धारित करेंगे। पर फिलवक्त यह तय है कि हमने हमारी संतति के लिए विकट परिस्थितियों के बीज बो दिए हैं।

छुटपन से माँ की डाँट खाती रही हूँ कि प्याज़ और सब सब्ज़ी एक साथ , एक थैली में क्यों लाती है। तू ही बचा लेगी प्लास्टिक से और मैं कह देती ना हम -आप दोनों । उनका सर पकड़ना और ग़ुस्सा सिर्फ़ इसलिए कि वे सात्त्विक आहार लेती हैं पर वे समझ गईं हैं कि फिर धरा कि सात्त्विकता का क्या होगा। उसके बाद से  दो थैले साथ होने लगे।

आचरण की शुद्धता , व्यवहार में शुद्धता से ही संभव। प्रयास करें कि समरसता बनी रहे, जड और चेतन में , पुरुष और प्रकृति में ..सर्वत्र!

~विमलेश शर्मा

#Beat_Plastic_Pollution
#Beat_pollution

Wednesday, May 30, 2018

चारदीवारी का सुख!!!

जानते तो हम सभी हैं बस कर नहीं पाते हैं..या सिर्फ़ सलाह भर दे देते हैं..और यूँ बस हो गई अपने-अपने कर्तव्य की इति श्री..पालना!???

हम श्वास ले पा रहें हैं, जल पी रहे हैं  क्योंकि कभी हमारे पुरखों ने हमारे लिए पौधे रोपें, बाग़-बग़ीचे और ताल बनाए। किसी झील या छाँव को देखती हूँ तो उन हाथों को सौ बार नमन करती हूँ...उस विचार को प्रणाम करती हूँ जो लोक-हित के लिए किसी ज़ेहन में कौंधा होगा।

कुछ देर ही सही  हमें अपनी भूमिका पर नज़र डालनी चाहिए..अपने दैनन्दिन क्रियाकलाप पर , शायद समझ आ जाएगा कि हम क्या कर रहे हैं।

यह ख़ुशख़बर तो नहीं कि मेरे पड़ोसी जोधपुर और जयपुर प्रदूषण के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। मेरा मानना है ,मेरे (?) शहर को भी उसी सूची में होना चाहिए क्योंकि यह भी ज़रा भी कम तो नहीं सड़कों, झीलों को दूषित करने में।

प्लास्टिक, डिटर्जेंट, धूम,सिर्फ़ और सिर्फ़ दोहन प्राकृतिक प्रदेयों का...लगभग शोषण की हद तक दोहन..इसका अंजाम सोचती हूँ तो सिहर जाती हूँ। हवा और पानी के लिए प्यूरीफायर लग गए..मोबाइल एयर प्यूरिफायर भी जल्द हमारी नाक पर होंगे ही किसी अलम् की ही तरह..यही तो चाहते हैं हम।

जानती हूँ विकल्प नहीं है हमारे पास। हमारी जनसंख्या , हमारी असीमित आवश्यकताएँ ..बहुत समस्याएँ हैं पर हर हाथ सोच ले तो क्या संभव नहीं फिर।

हम यहीं तक सोच बैठे है ..चारदीवारी  का सुख ....चारदीवारी के भीतर!

सब्ज़ी अलग-अलग थैली में ही पैक होनी चाहिए..कचरा गाड़ी में नहीं तुरंत सड़क पर ही जाना चाहिए, ढेर सारे कीटनाशक के साथ ही पौंछा लगना चाहिए और एसी सदैव चालू ही रहना चाहिए। कितने उदार हैं ना हम ..हमें सैर के लिए हरियल जगहें चाहिए पर उन्हें सौग़ात में हम हमारा अवशिष्ट ज़रूर सौंप आएँगे। पर्वत, नदी, झील सब जगह प्लास्टिक का अथाह पारावार। नदियाँ वाकई हमारे ही दिए कैमिकल के फ़ैन उगल रही हैं...!

क्यों यही चाहते थे ना हम आप??????

#चारदीवारी_का_सुख