Tuesday, November 17, 2026

रांगेय राघव : जनचेतना के चितेरे रचनाकार

 बहुमुखी प्रतिभा के धनी डॉ. रांगेय राघव का हिन्दी के रचना संसार में विशिष्ट स्थान है। इस यशस्वी रचनाकार का जन्म 17 जनवरी 1923 को और निधन 12 सित. 1962 को हुआ। मात्र उन्तालीस वर्ष की अल्पायु में विपुल साहित्य-काव्य, उपन्यास कहानी, नाटक, रिपोर्ताज, आलोचना, इतिहास लिखकर अपने जीवनकाल में ही रांगेय राघव ने चर्चित रचनाकार के रूप में अपने को स्थापित कर लिया था। लेखन की दुनिया में जीवित रहते ही वे एक किंवदन्ती पुरुष बन गये थे। उनकी अल्पायु को देखते हुए उनके लेखन का विस्तार और वैविध्य आश्चर्य चकित करने वाला है। इस सच्चाई का महत्व तब और बढ़ जाता है जब ज्ञात होता है कि रांगेय राघव की मातृभाषा हिन्दी नहीं, तेलुगु थी। ब्रजभाषा और संस्कृत के साथ हिन्दी उन्होंने अपनी माँ एवं अन्य परिजनों से सीखी थी।


रांगेय राघव ने अपने साहित्यिक जीवन की शुरुआत कविता से की थी। उनकी पहली प्रकाशित रचना एक गीत थी जो सन् 1937 में जब वह केवल चौदह वर्ष के थे। कलकत्ता से प्रकाशित 'साप्ताहिक विश्वमित्र' में छपी थी। यद्यपि रांगेय राघव की रचनात्मक ऊर्जा बाद में विविध विधाओं में बंट गई थी पर उनकी स्वतः स्फूर्त्त ऊर्जा का विस्फोट कविता के क्षेत्र में हआ। कविता के क्षेत्र में उन्होंने अत्यन्त निष्ठा के साथ कार्य किया।' अजेय खंडहर' पिघलते पत्थर, 'मेघावी" राह के दीपक', 'पाँचाली', "रूपछाया" गंगेय राघव की काव्य कृतियाँ हैं।


रांगेय राघव जन चेतना के रचनाकार हैं। उन्होंने जन सामान्य की आर्थिक विषमता, पीड़ा, अभाव, अपमान, संघर्ष को यथार्थवादी दृष्टि से उभारा है साथ ही नयी चेतना के आलोक में बनते नये मूल्यों और संबंधों को भी चित्रित किया है। 'पिघलते पत्वा', 'राह के दीपक' और 'रूपछाया' की अधिकांश कविताओं में साम्राज्यवादी युद्धोन्माद शोषण और वर्गभेद के विरुद्ध जागते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग होते मनुष्य को लेकर ही कवि की चिन्ता है। रांगेय राघव ने अपनी कला भूमिका को स्पष्ट करते हुए एक कविता में कहा है-


"हम नहीं प्रशंसा के भिक्षुक 

हम नहीं किसी के दीन दास 

सामंतवाद को ठोकर दे,

 निर्बन्ध गरजते, मुक्त हास हम रक्त शोषकों को अपनी 

करते न समर्पित कला ज्योति।"


जन चेतना से सम्पन्न रचनाकार ने 'आततायी' शीर्षक कविता में साम्राज्यवाद और सामन्तवाद के वर्ग चरित्र को उ‌द्घाटित करते हुए उनके मानवविरोधी रूप को अंकित किया है। कवि ने इस व्यवस्था का प्रतिपक्ष सूर्योदय, प्रतिशोध, और लोहा, मजदूर आदि कविताओं में प्रस्तुत किया है। 'सूर्योदय' कविता में रचनाकार ने जनता के बलिदान और संघर्ष के बाद के सूर्योदय की ओर संकेत किया है। रांगेय राघव ने अपनी अनेक कविताओं में समाज के उत्पीड़ित वर्ग को अंकित किया है।


रांगेय राघव ने 38 उपन्यासों की रचना की। उनका पहला उपन्यास' धरौंदा' है जो 1946 में प्रकाशित हुआ। कथाकार की जन-चेतना, जन समाज के प्रति उनका गहरा लगाव और आत्मीयता उनके उपन्यासों में भी देखी जा सकती है। विषादमठ में रचनाकार ने बंगाल के अकाल को विषय बनाया है। इस उपन्यास में निम्न और निम्नमध्यवर्ग के लोगों की अकालजन्य पीड़ा, वस्त्रहीनता से उत्पन्न अपमान, भूख से बिलबिलाते आदमी की हैवानियत और व्यवसायियों की अमानवीय शैतानियों से पूर्ण हरकतों का नग्न चित्र उपस्थित किया गया है। इसके साथ ही आँचलिकता का सफल निर्वाह भी "राई और पर्वत" धरती मेरा घर, 'आखिर आवाज' और 'कब तक पुकारूं' में हुआ है।


सन् 1957 में प्रकाशित रांगेय राघव का उपन्यास कब तक पुकारूं, हिन्दी के उल्लेखनीय उपन्यासों में परिगणित किया जाता है। इस उपन्यास का कथानक राजस्थान और ब्रजप्रदेश की सीमा पर बसे वैर नामक गाँव और उसके आसपास खानाबदोश जीवन बिताने वाले जरायमपेशा नटों से सम्बद्ध है। नटों पर न केवल बहुत ही कम लिखा गया है इतनी प्रमाणिकता और विश्वसनीयता से तो नहीं ही लिखा गया है। रांगेय राघव ने अपनी सुलझी वर्ग दृष्टि के कारण भारतीय समाज की विसंगतियों को और सामंती शोषण को बखूबी उघेड़ा है।


रांगेय राघव ने इस उपन्यास में समाज के उस वर्ग को चुना है. जिसका अपना कोई खेत नहीं, व्यवसाय नहीं व्यवस्थित घर नहीं। जो चोरी करते हैं. शहद इकट्ठा करके बेचते. खेल दिखाते और जिनकी स्त्रियाँ सवर्णों से यौन सम्बन्ध स्थापित करके कुछ कमा लेती हैं। यही उनके जीवन यापन का मुख्य साधन है। उपेक्षित, शोषित, पीडित नटों की दयनीय दशा पर न तो समाज की दृष्टि गई और न सरकार की। अपनी अतृप्त यौन वासना की तप्ति करके भी नटनियों को इकन्नी, दुअन्नी या गुड की भेली पर ही टरका दिया जाता है। स्वातन्त्र्योंतर भारत में नटों की जिन्दगी युगीन चेतना से प्रभावित है। अब यह वर्ग केवल गाँवों या जंगलों में नहीं बड़े बड़े शहरों में बस गया है। बम्बई, कलकत्ता, दिल्ली में बहुसंख्या में इन्हें देखा जा सकता है। उपन्यासकारों ने नटों के साथ दलितों की जीवन कथ जोड़कर उसे और भी व्यापक आयाम दे दिया है। इस प्रकार पूरा दलित वर्ग इस उपन्यास के कथ्य की परिधि में आ गया है। इस वर्ग की गरीबी और विवशता का ही नहीं, उसके अन्तर्विरोधों तथा व्यवस्था और शासन के प्रति पनपने वाले विद्रोह का भी चित्रण उपन्यासकार ने किया है। 'कब तक पुकारूं' में दलित जीवन की विवशता के चित्रण के साथ साथ प्रेम की संवेदना इतने गहरे और तीव्र रूप में अंकित हुई है जो असाधारण कही जा सकती है। यह वह प्रेम नहीं है जो खाते-पीते लोगों में सामाजिक वर्जनाओं, नैतिक बंधनों और आर्थिक विषमताओं के तनाव के बीच विकसित होता है। याह एक उन्मुक्त प्रेम है, जिसके अपने नियम और कायदे हैं।


रांगेय राघव ने 80 के लगभग कहानियाँ लिखी हैं जिनमें 'पंच परमेश्वर', 'तबेले का धुंधलका', 'गदल', 'कुत्ते की दुम और शैतान की पूंछ' जैसी कहानियाँ हैं। यथार्थ जीवन को एक प्रगतिशील कलाकार की दृष्टि से रूपायित करने वालों में रांगेय राघव प्रमुख हैं। इनकी कहानियों का चित्रपट भी कम व्यापक नहीं है। समूचे युग जीवन की गतिविधियाँ इनकी कहानियों का निर्माण करती हैं। 'गदल' उनकी एक ऐसी सशक्त कहानी है जो यथार्थ की सजीवता में एक नारी के आत्म सम्मान तथा जीवट को प्रगतिशील दृष्टि की सम्पूर्ण सार्थकता के साथ प्रस्तुत करती है। समूचे हिन्दी कहानी साहित्य में इस प्रकार की कहानियाँ विरलता से ही प्राप्त होती हैं।


'पंच परमेश्वर' 'घिसटता कंबल', 'प्रवासी', 'नई जिन्दगी के लिए', 'फूल का बीवन' तथा 'गंगे' उनकी अन्य कहानियाँ है। जो अपने सजीव कथानक तथा मर्मबेधी यथार्थ दृष्टि के कारण सहज ही उनकी प्रगतिशील अवस्थाओं के विश्वास के साथ अभिव्यक्ति कर सकी हैं। जन सामान्य के प्रति एक अतिशय संवदेनशील रूख लिये ये कहानियाँ समाज के ऊपरी वर्गों की असलियत का भी पर्दाफाश करती हैं।


यद्यपि रांगेय राघव हमारे बीच नहीं हैं पर उनका बहुआयामी साहित्य और उनकी प्रगतिशील सोच शोषित, पीड़ित, उपेक्षित और हाशिए के लोगों के लिए सदैव प्रेरणास्पद रहेगी।